पूर्वांचल विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह 27 जुलाई काे, पूर्वाभ्यास में परखी गईं सभी व्यवस्थाएं

जौनपुर,26 जुलाई । यूपी के जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह से पूर्व रविवार को महंत अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन में पूर्वाभ्यास सम्पन्न हुआ। कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने समारोह की सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अधिकारियों, शिक्षकों व कर्मचारियों से समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। 27 जुलाई हाेने वाले इस समारोह में 83 मेधावी विद्यार्थियों को 84 पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा 339 शोधार्थियों को पीएचडी तथा एक शोधार्थी को डीएससी (डॉक्टर ऑफ साइंस) की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।

सोमवार को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि के रूप में मेजर जनरल गौरव गौतम (एवीएसएम), अपर महानिदेशक एनसीसी (उत्तर प्रदेश) मौजूद रहेंगे। उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय अतिविशिष्ट अतिथि तथा राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

पूर्वाभ्यास के दौरान अतिथियों के आगमन, शैक्षणिक शोभायात्रा, दीप प्रज्ज्वलन, मंच संचालन, पदक एवं उपाधि वितरण सहित सभी चरणों का अभ्यास किया गया। साथ ही प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को स्कूल बैग, फल, ड्राई फ्रूट, ज्योमेट्री बॉक्स और प्रेरणादायी पुस्तकें भेंट करने तथा विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों के खेल प्रतियोगिता विजेताओं को सम्मानित करने का भी रिहर्सल हुआ। बच्चों ने देशभक्ति, लोकगीत और पर्यावरण संरक्षण पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अभ्यास भी किया। कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि समारोह में प्रवेश केवल परिचय-पत्र के आधार पर मिलेगा। परिसर में मोबाइल फोन, बैग, कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। विद्यार्थियों और शोधार्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड एवं विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। समारोह के सफल आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।