फूड इंस्पेक्टर की नौकरी लगाने 1.91 लाख की ठगी करने वाला आरोपित गिरफ्तार

जगदलपुर, 02 अगस्त । जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आसना स्कूल पारा निवासी पीड़ित से फूड इंस्पेक्टर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1 लाख 91 हजार 500 रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने ठगी के आरोपित लारेन्स एन्थोनी कुज को आज रविवार काे गिरफ्तार किया गया है।

आरोपित द्वारा मंत्रालय में पहचान और जुगाड़ होने का दावा कर कई किस्तों में रकम लेता रहा, लेकिन नौकरी नहीं लगने पर मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने शिकायतकर्ता से गूगल पे के माध्यम से रकम लेना स्वीकार किया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम आसना स्कूल पारा निवासी विनोद पानीग्राही ने शिकायत दर्ज कराई थी, कि उनके परिचित लारेन्स एन्थोनी कुज ने मंत्रालय रायपुर में अच्छी पहचान होने की बात कहकर फूड इंस्पेक्टर के पद पर नौकरी लगाने का भरोसा दिया था। इसके बाद जुलाई 2022 से सितंबर 2024 के बीच गूगल पे और चेक के माध्यम से कुल 1 लाख 91 हजार 500 रुपए अपने खाते में जमा करवाए। शिकायतकर्ता लगातार चयन सूची और नियुक्ति की जानकारी मांगता रहा, लेकिन आरोपित हर बार अलग-अलग बहाने बनाकर उसे टालता रहा। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगने पर शिकायतकर्ता को ठगी का एहसास हुआ और उसने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (4) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपित की तलाश शुरू की गई। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपित अपने घर पर नियमित रूप से नहीं रहता था और लगातार स्थान बदल रहा था। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुर्ग-भिलाई में निगरानी रखी और काफी प्रयासों के बाद आरोपित को उसके निवास से हिरासत में लिया। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर कारवाई उपरांत उसे न्यायिक रिमांड पर रवाना कर दिया।