अयोध्या, 07 अगस्त । केरलम से आए 25 सदस्यीय दल ने आज श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में पंचवाद्यम का मधुरस्वरलहरी के साथ कर्णप्रिय प्रदर्शन किया। विदित हो कि केरलम में मन्दिरों अथवा धार्मिक आयोजनों में पंचवाद्यम बजाने की परम्परागत रीति है। इसे आराध्य की उपासना की महत्वपूर्ण विधि माना जाता है। स्वप्रेरणा से आए इस दल ने पहले से ही अपने कार्यक्रम के लिए अनुमति ले ली थी।
तीर्थ क्षेत्र की ओर से ऐसे आयोजनों के प्रभारी शैलेन्द्र शुक्ल ने बताया कि मनोज नारायण, सुरेश व शिवा कुमार की देखरेख में इस दल ने पंचवाद्यम उपासना के उपरांत प्रभु श्रीराम समेत मन्दिर परिसर में प्रतिष्ठित सभी देवी-देवताओं का दर्शन-पूजन किया। श्रीराम निवास में सभी केरलम वासियों के भोजन प्रसाद की व्यवस्था विवेक जी द्वारा की गई।