उदयपुर, 01 अगस्त । उदयपुर जिले के वल्लभनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात घर में घुसकर मां-बेटी की हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे घटना का पता चलने पर इलाके में सनसनी फैल गई। गोटीपा पंचायत के मुंडोल गांव स्थित घर में 70 वर्षीय लूंगा और उनकी 47 वर्षीय बेटी अमरीबाई गाडरी के खून से लथपथ शव मिले। प्रारंभिक जांच में लूट के इरादे से वारदात किए जाने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि घर से नकदी और सोने-चांदी के गहने भी गायब मिले हैं।
वल्लभनगर थानाधिकारी पूनाराम गुर्जर ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर दोनों महिलाओं के शव पड़े थे और उनके गले पर किसी भारी एवं धारदार हथियार से किए गए वार के निशान मिले। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, लूंगा और उनकी बेटी अमरीबाई घर में अकेली रहती थीं। गांव में अमरीबाई के दो जेठ और उनका परिवार निवास करता है। परिजनों ने बताया कि दोनों महिलाओं के गले और हाथों में पहने सोने-चांदी के गहने गायब हैं। घर में रखी नकदी और अन्य आभूषण भी नहीं मिले हैं।
अमरीबाई के पति का करीब सात वर्ष पहले निधन हो चुका था। वह अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहकर खेती करती थीं। उनकी कोई संतान नहीं थी। वहीं लूंगा के पति का भी कुछ वर्ष पहले निधन हो गया था। मां-बेटी एक-दूसरे का सहारा बनकर गांव में रह रही थीं।
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल और बाद में वल्लभनगर अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर एकत्र हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस से हत्या का शीघ्र खुलासा करने तथा सभी आरोपिताें की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि यदि घटना के पीछे कोई साजिश है तो उसका भी पर्दाफाश किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पुलिस दोषियों को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक दोनों शवों का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक उदयलाल डांगी ने घटना को अत्यंत दुखद और गंभीर बताते हुए कहा कि उन्होंने पुलिस के उच्च अधिकारियों से बात कर निष्पक्ष एवं त्वरित जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की कामना भी की।