सागर, 27 अगस्त । मध्य प्रदेश के सागर जिले में ब्लॉक कांग्रेस (इ) कमेटी, केसली द्वारा गुरुवार को क्षेत्र में व्याप्त गंभीर समस्याओं और अवर्षा से उत्पन्न संकट को लेकर राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। मंगल भवन केसली में हुए कार्यक्रम में पूर्व मंत्री हर्ष यादव और जिला स्तरीय कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति में सौंपे गए इस ज्ञापन में केसली क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने सहित 9 प्रमुख मांगों के शीघ्र निराकरण की अपील की गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि केसली विकासखंड सागर जिले में सर्वाधिक 60-70 इंच (लगभग 1200 मिमी) वर्षा के लिए जाना जाता है। हालांकि, इस वर्ष बारिश सीजन समाप्त होने की कगार पर है और 26 अगस्त तक मात्र 484 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज की गई है। अल्पवर्षा के कारण धान, उड़द, मक्का और सोयाबीन की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। जलस्रोतों और बांधों में पानी न भरने से आगामी रबी सीजन की सिंचाई पर भी संकट मंडरा रहा है।
कांग्रेस ने मांग की है कि केसली विकासखंड को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित कर फसल क्षति का पारदर्शी सर्वे कराया जाए। प्रभावित किसानों को राहत राशि और फसल बीमा योजना का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। किसानों की ऋण वसूली और बकाया बिजली बिलों की वसूली पर तुरंत रोक लगाई जाए।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि जनहित की इन जायज मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया, तो आने वाले समय में क्षेत्रीय नागरिकों के साथ मिलकर गांधीवादी तरीके से आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।