सड़क हादसे में मृत बाइक सवार की हुई पहचान, परिजनों ने ट्रेलर जब्ती में देरी पर जताई नाराजगी

पूर्वी सिंहभूम, 11 अगस्त । जमशेदपुर के आकाशदीप प्लाजा के समीप सोमवार को हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले बाइक सवार की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी 45 वर्षीय सुनील कुमार मोदक के रूप में हुई है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को उनके परिजन सिदगोड़ा थाना पहुंचे और पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया।

परिजनों ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को तत्काल जब्त नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

परिजनों के अनुसार, सुनील कुमार मोदक पिछले करीब एक वर्ष से जमशेदपुर में रहकर काम कर रहे थे। वह क्लासिक प्रोडक्ट लिमिटेड कॉम्बो मिल में कार्यरत थे। बताया गया कि यह कंपनी टाटा की वेंडर कंपनियों में शामिल है। सुनील शादीशुदा थे और उनके दो बच्चे हैं। उनकी मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा है।

दरअसल, सोमवार दोपहर सुनील बाइक से जा रहे थे। आकाशदीप प्लाजा के पास वह एक ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान वह ट्रेलर की चपेट में आ गए और ट्रेलर का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।

परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद एक अन्य चालक वाहन को वहां से लेकर चला गया। उनका कहना है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बावजूद दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को तत्काल जब्त नहीं किया गया।

परिजनों ने कहा कि यदि वाहन को घटनास्थल से ही जब्त कर लिया जाता तो दुर्घटना की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य मिल सकते थे। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द ट्रेलर और उसके चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

परिजनों का दावा है कि सुनील ने हेलमेट पहन रखा था और वह ट्रैफिक पुलिस से बचने के लिए नहीं भाग रहे थे। उनका आरोप है कि पीछे से वाहन की टक्कर लगने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

———–