डीएफएस का बीमा प्रभाग शिकायत निवारण में तीसरे स्थान पर

नई दिल्ली, 06 अगस्त । वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के बीमा प्रभाग को जून 2026 के शिकायत निवारण मूल्यांकन और सूचकांक (जीआरएआई) के ग्रुप ‘ए’ श्रेणी में तीसरा स्थान मिला है।

वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि जून के लिए शिकायत निवारण मूल्यांकन और सूचकांक (जीआरएआई) की ग्रुप ए कैटेगरी में वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के तहत बीमा विभाग को दूसरा स्थान मिला है, जबकि बैंकिंग विभाग छठे स्थान पर रहा है।

मंत्रालय ने बताया कि प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) की ओर से जून के लिए केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण और मॉनिटरिंग प्रणाली (सीपीजीआरएमएस) की मासिक रिपोर्ट जारी की है। इसमें लोक शिकायतों के प्रकार और श्रेणियों तथा उनके निपटान की प्रकृति का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार वित्तीय सेवा विभाग (बीमा प्रभाग) तीसरे स्थान पर और वित्तीय सेवा विभाग (बैंकिंग प्रभाग) छठे स्थान पर रहा है। इसके अलावा नवंबर 2025 से विभिन्न मंत्रालयों/विभागों के बीच जीआरएआई रैंकिंग में डीएफएस लगातार शीर्ष 10 में शामिल रहा है।

वित्त मंत्रालय ने कहा कि जून 2026 के दौरान वित्तीय सेवा विभाग ने तीस हजार से अधिक शिकायतों का निपटारा किया। साथ ही वित्तीय सेवा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से औचक रूप से चयनित शिकायतों की व्यक्तिगत समीक्षा कर रहे हैं और “प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र” पर कार्यशालाएं भी नियमित रूप से आयोजित की जा रही हैं।