मॉस्को, 24 अगस्त । रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को उम्मीद जताई कि शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात होगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात के दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि रूस भारत की कृषि आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए उर्वरक की आपूर्ति बढ़ाने को तैयार है।
मॉस्को में विदेश मंत्री जयशंकर के साथ बैठक में पुतिन ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि शंघाई सहयोग संगठन के कार्यों के तहत, जैसा कि हमने योजना बनाई थी, जल्द ही उनसे (मोदी से) मुलाकात होगी। हमारा कार्यक्रम ऐसा है कि संभवतः हम इस साल फिर से (मोदी से) मिल सकेंगे।”
पुतिन ने कहा कि रूस भारत की कृषि आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए उर्वरक की आपूर्ति बढ़ाने को तैयार है। जयशंकर के साथ बैठक में पुतिन ने कहा, “हम भारतीय किसानों और कृषि के लिए इस समस्या का समाधान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। हम आपूर्ति बढ़ा रहे हैं और आगे भी ऐसा करने के लिए तैयार हैं।”
पुतिन ने कहा कि रूस और भारत लगभग सभी क्षेत्रों में मिलकर काम करना जारी रखे हुए हैं और 2026 में रूस और भारत के बीच व्यापार में वृद्धि होगी। मॉस्को में जयशंकर से बैठक में पुतिन ने कहा कि उनकी यात्रा दशकों से रूस और भारत के बीच विकसित हुए संबंधों के स्तर को दर्शाती है। हम सरकारी स्तर पर और अंतर-संसदीय संबंधों के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों में भागीदार बनकर लगभग सभी क्षेत्रों में मिलकर काम करना जारी रखे हुए हैं।
जयशंकर ने भी उम्मीद जताई है कि प्रधानमंत्री मोदी की किर्गिस्तान में एससीओ शिखर सम्मेलन में रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात होगी। क्रेमलिन में पुतिन के साथ हुई बैठक में जयशंकर ने कहा कि मोदी एससीओ शिखर सम्मेलन के साथ-साथ ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भी पुतिन से मिलने के लिए उत्सुक हैं।
उल्लेखनीय है कि एससीओ देशों के नेताओं की एक सितंबर को किर्गिस्तान के बिश्केक में बैठक होगी। इसमें प्रधानमंत्री मोदी के भाग लेने की उम्मीद है।
जयशंकर ने पुतिन को मोदी की ओर से शुभकामनाएं और उनका संदेश दिया।
————