ताइपे, 01 अगस्त । भारत की उभरती हुई बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ताइपे ओपन 2026 के महिला एकल फाइनल में जगह बना ली है।
शनिवार को सेमीफाइनल में उन्होंने मेजबान चीनी ताइपे की पांचवीं वरीयता प्राप्त हुआंग यू-ह्सुन को सीधे गेमों में 21-17, 21-11 से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया।
विश्व नंबर 34 तन्वी ने महज 33 मिनट में मुकाबला अपने नाम किया। क्वार्टर फाइनल की तुलना में इस बार उन्होंने कहीं अधिक प्रभावशाली खेल दिखाया और मेजबान खिलाड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। अब रविवार को फाइनल में उनका सामना वियतनाम की गुयेन थुई लिन्ह से होगा।
पिछले दो वर्षों में तन्वी ने अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन में तेजी से अपनी पहचान बनाई है। वह 2024 बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रही थीं। इसके अलावा उन्होंने 2024 बॉन इंटरनेशनल और 2025 डेनमार्क चैलेंज का खिताब जीता, जबकि 2025 ओडिशा मास्टर्स सुपर 100 और गुवाहाटी मास्टर्स सुपर 100 में उपविजेता रहीं। यह उनके करियर का चौथा बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल और दूसरा सुपर 300 फाइनल होगा।
वहीं पुरुष एकल में भारत की चुनौती समाप्त हो गई। भारत के अंतिम उम्मीद किरण जॉर्ज को क्वार्टर फाइनल में जापान के चौथी वरीयता प्राप्त युदाई ओकिमोटो ने 21-12, 21-10 से हराकर बाहर कर दिया।
इससे पहले पुरुष युगल में भार्गव राम अरिगेला और विश्व तेज गोब्बुरु की जोड़ी पहले दौर में ही बाहर हो गई थी, जबकि एच.एस. प्रणय प्री-क्वार्टर फाइनल में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।