स्वच्छ हवा और नशामुक्त सुंदरनगर अभियान तेज, स्कूली विद्यार्थियों से संवाद

मंडी, 27 अगस्त । मंडी जिला के सुंदरनगर में स्वच्छ हवा और नशामुक्त सुंदरनगर अभियान तेज कर दिया गया है। एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम एवं नशामुक्त सुंदरनगर अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। अभियान के तहत स्कूली विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों तथा स्वच्छ पर्यावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को एंजल पब्लिक स्कूल सुंदरनगर में एसडीएम अमर नेगी की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नशे से दूर रहने, आत्मविश्वास के साथ सही निर्णय लेने तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार भविष्य के निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और स्वच्छ हवा के लिए सामूहिक प्रयास करने का आग्रह किया।

अमर नेगी ने स्कूली विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वच्छ पर्यावरण रखने की शपथ भी दिलाई। क्रयाश चैरिटेबल ट्रस्ट प्रशासन के सहयोगी के रूप में अभियान की जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। ट्रस्ट के संस्थापक एवं हिमाचल डेंटल कॉलेज में प्रोफेसर ऑफ फार्माकोलॉजी डॉ. धर्मेश शर्मा विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी सरल भाषा में दे रहे हैं। विद्यार्थियों को एक्यूआई, पीएम 2.5 और पीएम 10 सहित वायु प्रदूषण से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों के बारे में भी बताया जा रहा है।

अभियान के तहत नामधारी दिल्ली पब्लिक स्कूल, महावीर पब्लिक स्कूल, सेंट मैरी स्कूल, राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, डीएवी और स्प्रिंगफील्ड हाई स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। आगामी दिनों में अन्य शिक्षण संस्थानों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चल रहे इस अभियान का उद्देश्य बच्चों, युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों को स्वच्छ हवा तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना है।