मंदसौर, 31 अगस्त । मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में सोमवार को फोरलेन पर कृषि उपज मंडी मल्हारगढ़ के सामने दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सांवलियाजी दर्शन के लिए बाइक से जा रहे पति-पत्नी को रॉन्ग साइड से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ईश्वरसिंह पिता गंगासिंह राजपूत निवासी लसुड़िया जगमाल, तहसील मोहन बड़ोदिया, जिला शाजापुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी मुन्नीबाई गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद घायल महिला और मृतक काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे। स्थानीय लोगों का दावा है कि सूचना के बावजूद करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद कृषि उपज मंडी के व्यापारियों, हम्मालों और किसानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल मुन्नीबाई को ट्रैक्टर की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू की। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास कर रही है।
मंडी के सामने रॉन्ग साइड से वाहनों की आवाजाही का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार मल्हारगढ़ कृषि उपज मंडी के सामने लंबे समय से यातायात व्यवस्था गंभीर समस्या बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि मंडी में कृषि उपज लेकर पहुंचने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहन निर्धारित दिशा में जाने के बजाय फोरलेन पर रॉन्ग साइड से मंडी की ओर प्रवेश करते हैं।
फोरलेन पर तेज गति से चलने वाले वाहनों के बीच विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों की आवाजाही दुर्घटना का बड़ा कारण बन रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस समस्या की ओर ध्यान दिलाए जाने के बावजूद यातायात व्यवस्था को लेकर स्थायी समाधान नहीं किया गया।
दस साल में करीब 20 लोगों की मौत का दावा
स्थानीय लोगों के मुताबिक कृषि उपज मंडी शुरू होने के बाद बीते करीब दस वर्षों में मंडी के सामने अलग-अलग सड़क हादसों में लगभग 20 लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद दुर्घटना संभावित इस स्थान पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए स्थायी इंतजाम नहीं किए गए हैं।
लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मंडी के सामने रॉन्ग साइड से वाहनों की आवाजाही रोकने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।