देहरादून, 08 अगस्त । उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की शनिवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के आयुक्तों तथा सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर अभियान की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और फील्ड स्टाफ अभियान के दौरान मेहनत से काम कर रहे हैं, ऐसे में उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से फील्ड में जाकर मतदाताओं से लगातार संवाद स्थापित करने को कहा, ताकि एसआईआर को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या आशंका न रहे।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण जिन क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित है, वहां विसंगति वाले मामलों में बीएलओ डाक के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर अपने स्तर से रिपोर्ट लगाकर कार्रवाई सुनिश्चित करें। अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई के लिए ईआरओ और एयरो को सुविधाजनक रणनीति बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में डॉ. पुरुषोत्तम ने सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों से फॉर्म-6,फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मतदाताओं के बीच जाकर उनकी समस्याओं और शंकाओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारियों को नोटिसों की सुनवाई के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने सुनवाई की प्रक्रिया को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत और गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप द्वारा हाल में किए गए जनपद भ्रमण का फीडबैक भी लिया। उन्होंने दोनों मंडलायुक्तों को लगातार फील्ड विजिट करते रहने और एसआईआर अभियान की जमीनी प्रगति की निगरानी करने को कहा।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ.विजय कुमार जोगदंडे,उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी,सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित दोनों मंडलायुक्त और सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।
——-