नूंह: नलेश्वर महादेव मंदिर में बृज मंडल जलाभिषेक शोभा यात्रा में पहुंचे हजारों श्रद्धालु

नूंह, 03 अगस्त । सावन के पहले सोमवार के पावन अवसर पर नूंह स्थित नलेश्वर महादेव शिव मंदिर में आयोजित बृज मंडल जलाभिषेक शोभा यात्रा में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज से पहुंचे हजारों शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक कर देश, प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। पूरे मंदिर परिसर और यात्रा मार्ग पर “हर-हर महादेव” तथा “बम-बम भोले” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

साधु-संतों की अगुवाई में नलेश्वर महादेव शिव मंदिर से शोभा यात्रा का शुभारंभ हुआ। श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज और धार्मिक प्रतीक लेकर भक्ति भाव से यात्रा में शामिल हुए। यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।

बृज मंडल जलाभिषेक शोभा यात्रा में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम भी शामिल हुए। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को सावन के पहले सोमवार और जलाभिषेक यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने देश और हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे तथा सरकार खिलाड़ियों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है।

हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं जींद से तीन बार विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि सावन के पहले सोमवार पर भोलेनाथ के दर्शन का विशेष महत्व है। उन्होंने बृज मंडल जलाभिषेक शोभा यात्रा के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए गए सुरक्षा और व्यवस्थागत इंतजामों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। दिल्ली से यात्रा में शामिल होने पहुंचीं ह्यूमन राइट एक्टिविस्ट शबनम खान ने कहा कि भोलेनाथ के प्रति उनकी गहरी आस्था उन्हें यहां खींच लाई है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान मौसम में आए बदलाव को उन्होंने भगवान शिव की कृपा के रूप में महसूस किया।

मोहाली से भारतीय सेवा धर्म संसद से जुड़े स्वामी सुशील महाराज ने कहा कि भारत सभी धर्मों को प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है। 52 पालों के अध्यक्ष अरुण जैलदार ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था ही उन्हें हर वर्ष इस यात्रा तक लेकर आती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में यात्रा बाधित हुई थी, लेकिन इस बार प्रशासन ने व्यापक और बेहतर व्यवस्थाएं की हैं। उन्होंने विशेष रूप से इस बात का उल्लेख किया कि मुस्लिम समाज के लोग भी यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत कर रहे हैं, जो क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मजबूत मिसाल है।