होटल में चल रहा था देह व्यापार का अड्डा, चार महिलाओं को पुलिस ने कराया मुक्त, मालिक फरार

नोएडा, 18 सितंबर । उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना बिसरख पुलिस ने बीती रात को जीडीए कॉलोनी में बने एक होटल में छापेमारी की। यहां पर अवैध रूप से वेश्यावृत्ति कराई जा रही थी। पुलिस ने चार महिलाओं को रेस्क्यू करके उनके घर वालों को सुपुर्द कर दिया । होटल का मालिक फरार बताया जा रहा है।

थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को एक सूचना के आधार पर थाना पुलिस ने गौर सिटी के पास स्थित जीडीए कॉलोनी में बने बीएन होटल में छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां पर अवैध रूप से देह व्यापार कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब पुलिस होटल में पहुंची तो रिसेप्शन पर एक महिला मिली। उक्त महिला की उम्र 21 वर्ष है। उसके बाद एक कमरे में तीन महिलाएं बैठी मिली जिनकी उम्र क्रमशः 49 वर्ष , 24 वर्ष और 21 वर्ष है। इन महिलाओं से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि होटल का मालिक रोहित कुमार रूप रामू उर्फ रवि निवासी ग्राम डूंडाहेड़ा विजयनगर उनसे उक्त होटल में जबरन देह व्यापार करवाता है। महिलाओं ने बताया कि रोहित ही नए-नए लोगों को बुलाता है तथा उनकी मसाज करने के लिए बुलाता है। और उनसे जबरदस्ती वेश्यावृत्ति के लिए कहता है। अगर वे लोग गलत काम करने के लिए मना करते हैं तो वह जान से मारने की धमकी देता है।

महिलाओं के अनुसार उसने आज भी कई ग्राहक भेजे थे, जो अभी कुछ देर पूर्व चले गए। महिलाओं के अनुसार रोहित एक ग्राहक से देह व्यापार के लिए 2000 से 5000 रूपए लेता है, तथा उन्हें एक हजार से 1500 रूपए देता है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने महिलाओं के परिजनों को बुलाकर उन्हें उनके सुपुर्द कर दिया। होटल मालिक फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।

चर्चाएं आम,कैसे भागा होटल मालिक

देह व्यापार का अड्डा चलाने वाले होटल मालिक की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस कार्रवाई पर सवालिया निशान उठा रही है। लोगों में चर्चा है कि यह देह व्यापार चलाने वाला पुलिस को मोटी रकम देता था। छापेमारी आला अधिकारियों के निर्देश पर हुई। अपनी खाल बचाने के लिए स्थानी पुलिस वालों ने होटल के संचालक को धीरे से सूचना दे दी। और वह भागने में सफल रहा। बताया जाता है कि यह धंधा पुलिस की मिली भगत से चल रहा था। इससे पूर्व भी थाना बीटा- दो क्षेत्र में मसाज सेंटर पर हुई छापेमारी में वहां काम करने वाले कर्मचारी और ग्राहक तो पकड़े गए, लेकिन संचालक फरार हो गया। वह स्पा सेंटर के बाहर ही अपनी कार में बैठा था, लेकिन स्थानीय पुलिस की लापरवाही या मिली भगत कहें वह भागने में सफल रहा। देह व्यापार चलाने वाले मालिकों का ना पकड़े जाना नोएडा पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान लगा रहा है।