औरैया, 22 दिसंबर । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में ग्राम रामपुर (फफूंद) निवासी प्रेम कश्यप की प्रतिभावान पुत्री अनुष्का कश्यप ने इंटरमीडिएट परीक्षा में पूरे औरैया जिले में प्रथम स्थान हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया। छात्रा की इस उपलब्धि पर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से अनुष्का कश्यप को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक लैपटॉप भेंट स्वरूप भेजा गया।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम एवं सपा युवजन सभा के प्रदेश महासचिव शिवम कश्यप ने मंगलवार को छात्रा के आवास पर पहुंचकर उन्हें लैपटॉप सौंपा। इस दौरान नेताओं ने अनुष्का को आगे की पढ़ाई के लिए शुभकामनाएं दीं।
सपा नेताओं ने कहा कि ग्रामीण अंचल से निकलकर जिले में प्रथम स्थान हासिल करना अनुष्का की कड़ी मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने से उनका उत्साह बढ़ता है और वे आगे चलकर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। सपा सदैव प्रतिभावान विद्यार्थियों के प्रोत्साहन और उनके बेहतर भविष्य के लिए प्रयासरत रही है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार गौतम, नीरज यादव, गंभीर यादव, अमरदीप दोहरे, जितेंद्र बिंद, चंद्रमोहन कश्यप, प्रदीप कश्यप सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।