मंडी, 28 सितंबर । जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने साेमवार काे भ्यूली स्थित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं तथा सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों का भौतिक सत्यापन किया तथा सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। उन्होंने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी प्रणाली की रिकॉर्डिंग भी जांची और सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा निभाई जा रही जिम्मेदारियों का जायजा लिया।
उन्होंने वेयरहाउस की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।