जयपुर, 10 सितंबर । जयपुर प्रथम खाद्य सुरक्षा दल ने अजमेर रोड स्थित ब्रिटिश बेकरी और महारानी स्वीट्स एंड बेकर्स का निरीक्षण किया। कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार तथा अभिहित अधिकारी एवं सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत के नेतृत्व में की गई।
सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के रख-रखाव, परिसर की स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की सुरक्षित हैंडलिंग और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन में विभिन्न कमियां मिलीं। टीम को एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद भी मिले, जिन्हें अन्य खाद्य सामग्री से अलग करवाकर मौके पर ही नष्ट कराया गया।
वहीं महारानी स्वीट्स एंड बेकर्स में तैयार मिठाइयों की गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़ी कमियां पाए जाने पर संबंधित मिठाइयों को भी मौके पर नष्ट करवाया गया। टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई तथा फूड हैंडलर्स की ओर से आवश्यक स्वच्छता मानकों के पालन की जांच की और मिली कमियों को मौका रिपोर्ट में दर्ज किया।
खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए दोनों प्रतिष्ठानों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए गए। संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा बनाए रखने, परिसर में साफ-सफाई रखने तथा फूड हैंडलर्स से आवश्यक हाइजीन प्रैक्टिस की पालना कराने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग जयपुर प्रथम ने बताया कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।