के बाद फिर की गई शिकायतें, आरोपी जेल भेजा
हिसार, 13 सितंबर । अस्पताल का आयुष्मान
डेटा नष्ट करने के बाद अलग-अलग सरकारी विभागों में शिकायतें देकर डॉक्टर को ब्लैकमेल
कर 5.70 लाख रुपये ऐंठने के मामले में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने पूर्व आयुष्मान मित्र
अर्बन एस्टेट निवासी रोहित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं
के तहत मामला दर्ज किया था। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में
भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार डाबड़ा चौक स्थित सूर्या अस्पताल
के संचालक डॉ. राजीव अग्रवाल ने शिकायत दी थी कि उन्होंने वर्ष 2022 में रोहित को आयुष्मान
मित्र के पद पर नियुक्त किया था। जनवरी 2026 में इस्तीफा देने के बाद आरोपी ने कथित
तौर पर धोखाधड़ी की नीयत से अस्पताल की आयुष्मान आईडी बंद कर दी और मरीजों से संबंधित
काफी डेटा नष्ट कर दिया। आरोप है कि इसके बाद रोहित ने आयुष्मान विभाग,
सीएमओ कार्यालय, ईपीएफओ और जीएसटी कार्यालय में शिकायतें देकर डॉक्टर पर दबाव बनाया
तथा शिकायतें वापस लेने के नाम पर बैंक ट्रांसफर के जरिए कुल 5 लाख 70 हजार रुपये ले
लिए। इसके बावजूद जून में आरोपी ने दोबारा अलग-अलग विभागों में शिकायतें कर और पैसों
की मांग की।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आयुष्मान विभाग,
ईपीएफओ, जीएसटी, सीएमओ कार्यालय और संबंधित बैंकों से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस
ने आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में
भेज दिया गया।