खूंटी , 19 सितंबर । मुरहू प्रखंड के मालियादा बड़ी टोला में शनिवार को प्रखंड स्तरीय पारंपरिक सांस्कृतिक सह करम पूर्व संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचीं छह नृत्य मंडलियों ने पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों ने झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की आकर्षक झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में विधायक राम सूर्या मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन सांस्कृतिक निदेशालय के सहयोग तथा रामकृष्ण मिशन आश्रम, मोराबादी के प्रायोजन से किया गया।
विधायक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली नृत्य मंडलियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रथम पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार के रूप में 05 हजार रुपये प्रदान किया। उन्होंने सभी प्रतिभागी नृत्य मंडलियों और आयोजन समिति को बधाई देते हुए कलाकारों का हौसला बढ़ाया।
विधायक ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है। हमारी संस्कृति और परंपरा गांवों में ही जीवित है। इसे संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया परती टूटी, महाराज स्वप्न, नोटोरोथ पूर्ति, बंटी ओड़िया, पूर्व मुखिया, इंदीपीड़ी मुखिया सुखराम सरूकद सहित विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और संस्कृति प्रेमी उपस्थित थे।