जेएलकेएम नेता पानेश्वर महतो के अपहरण मामले में प्राथमिकी, पांच अज्ञात लोगों पर आरोप

रामगढ़, 03 सितंबर । झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) नेता पानेश्वर महतो के कथित अपहरण को लेकर रामगढ़ जिले में अलग-अलग तरह की बातें सामने आ रही हैं। हालांकि, पानेश्वर महतो ने स्वयं रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने पांच अज्ञात लोगों पर अपहरण कर अपने साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है।

पुलिस को दिए बयान में पानेश्वर महतो ने बताया कि एक सितंबर की रात वह कैथा गांव स्थित भारत माता चौक पर मौजूद थे। इसी दौरान सफेद रंग की बोलेरो से कुछ लोग वहां पहुंचे। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और पानेश्वर को ‘साहब’ के पास चलने को कहा। इसी बीच पानेश्वर ने परमेश्वर महतो के माध्यम से ब्रह्मदेव नामक व्यक्ति को फोन कर अपनी गाड़ी ले जाने को कहा और खुद सफेद बोलेरो में बैठकर चले गए।

पानेश्वर के अनुसार, बोलेरो उन्हें कोठार ओवरब्रिज होते हुए हजारीबाग की ओर ले जाने लगी। कुजू नया मोड़ पार करने के बाद जब उन्होंने लोगों से पूछा कि उन्हें कहां ले जाया जा रहा है, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इसके बाद बोलेरो में सवार पांच लोग उन्हें हजारीबाग ले गए और एक कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि कमरे में भी उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने बताया कि बंद कमरे में ही उन्हें खाना दिया गया।

पानेश्वर महतो ने बताया कि तड़के सुबह एक दूसरी बोलेरो, जिस पर टीएस नंबर लिखा हुआ था, से उन्हें जंगल में छोड़ दिया गया। इसके बाद वह कच्चे रास्ते से भटकते हुए मुख्य सड़क पर पहुंचे और एक बाइक सवार से मदद मांगी। बाइक सवार के मोबाइल फोन से उन्होंने अपने मित्र आनंद कटिहार को घटना की सूचना दी।

पानेश्वर के अनुसार, बाइक सवार उन्हें हजारीबाग रजिस्ट्री ऑफिस के पास छोड़ गया। वहां पहुंचने के बाद रामगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और उन्हें बरामद कर लिया। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

————–