धनबाद, 21 सितंबर । जिले के बरवाअड्डा कृषि बाजार समिति से सोमवार को फल मंडी में मोटिया का काम करने वाले दौलत तांती (46) को तेज रफ्तार पिकअप वैन ने कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप वैन का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि दौलत तांती बरवाअड्डा कृषि बाजार समिति की फल मंडी में मोटिया का काम करते थे। काम के दौरान तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद बाजार समिति में मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने दौलत तांती को मृत घोषित कर दिया।
दौलत तांती की मौत की खबर मिलते ही बाजार समिति में काम करने वाले मोटिया मजदूरों में आक्रोश फैल गया। मजदूरों ने फल मंडी के पास सड़क जाम कर दिया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे। मृतक बिहार के जमुई जिले के छिदलाही, गिद्धौर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
फिलहाल मजदूर मुआवजे की मांग पर अड़े हैं। वहीं, पुलिस फरार पिकअप चालक की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच की कर रही है।