सूरजपुर, 23 सितंबर । बसदेई चौकी क्षेत्र से लापता हुआ 9 वर्षीय बालक मुंबई के कल्याण में मिला, जिसे सूरजपुर पुलिस और बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की टीम सकुशल वापस लेकर आई। आज बुधवार को बालक को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया, जहां काउंसिलिंग के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बालक 15 सितंबर को घर से अपने पिता के पास जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। शिकायत पर बसदेई चौकी में बीएनएस की धारा 137(3) के तहत मामला दर्ज कर बालक की तलाश शुरू की गई।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने बालक की जल्द से जल्द पतासाजी कर दस्तयाब करने के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान पुलिस को बालक के कल्याण, मुंबई में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस और सीडब्ल्यूसी की टीम महाराष्ट्र रवाना हुई।
टीम ने उल्हासनगर की बाल कल्याण समिति, महाराष्ट्र से बालक को अपने संरक्षण में लिया और सकुशल बसदेई वापस लाया। बालक ने पूछताछ में बताया कि वह पढ़ाई और स्कूल जाने से बचने के लिए दो-तीन ट्रेनों में सफर करते हुए मुंबई पहुंच गया था।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और सीएसपी बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में की गई। चौकी प्रभारी बसदेई रघुवंश सिंह, प्रधान आरक्षक शिवकुमार सारथी, आरक्षक विकास पटेल और सीडब्ल्यूसी के दो सदस्यों की टीम ने बालक की पतासाजी और वापसी में सक्रिय भूमिका निभाई।