प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वकर्मा जयंती पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 17 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने निर्माण कार्यों में जुटे देशभर के शिल्पकारों और हुनरमंद लोगों का विशेष अभिनंदन करते हुए कहा कि उनका कौशल और परिश्रम विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा से जुड़े इस दिव्य अवसर पर निर्माण कार्यों में जुटे देशभर के शिल्पकारों एवं हुनरमंद साथियों को उनका विशेष अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि शिल्पकारों का कौशल और परिश्रम देश के विकास तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र के नवनिर्माण की दिशा में शिल्पकारों और हुनरमंद साथियों के प्रयासों को हरसंभव प्रोत्साहन मिलता रहे, इसके लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश के साथ भगवान विश्वकर्मा की महिमा का वर्णन करने वाला सुभाषित भी साझा किया –

“अनादिरप्रमेयश्च अरूपश्च जयाजयः।

लोकरूपो जगन्नाथः विश्वकर्मन्नमो नमः॥”

इस सुभाषित का अर्थ है कि भगवान विश्वकर्मा आदि-अनादि, असीम और अप्रमेय हैं। उनका कोई निश्चित रूप नहीं है और वे जय-पराजय से परे हैं। वे संपूर्ण संसार के स्वरूप तथा जगत के स्वामी के रूप में विद्यमान हैं। ऐसे भगवान विश्वकर्मा को बार-बार नमन है।