पांवटा साहिब में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने महिला को मारी टक्कर, पीजीआई रेफर

नाहन, 19 सितंबर । सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब से मेडिकल कॉलेज नाहन और उसके बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बैंक कॉलोनी बद्रीपुर निवासी कपिल शर्मा ने 18 सितंबर को थाना पांवटा साहिब में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के अनुसार 12 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे वह ब्राउन वर्ल्ड, राष्ट्रीय राजमार्ग के सामने अपनी स्कूटी पर था। उसकी पत्नी सोनिया शर्मा बेकरी से सामान लेकर पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान वह डिवाइडर पार कर रही थी। तभी बद्रीपुर चौक की ओर से तेज रफ्तार में आ रही मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल चालक भी सड़क पर गिर गया।

घायल सोनिया शर्मा को उपचार के लिए पहले सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया। बाद में हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया, जहां वह दो दिन भर्ती रही। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल चालक की पहचान सुशांत ठाकुर निवासी ददाहू के रूप में हुई है। थाना पांवटा साहिब में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर अन्वेषण किया जा रहा है।