सिंगरौली में कार की टक्कर से 7 साल की बच्ची की मौत, सुबह भाई- बहनाें के साथ टहलने निकली थी

सिंगरौली, 06 सितंबर । मध्य प्रदेश के सिंगरौली में विंध्यनगर क्षेत्र में रविवार सुबह तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 7 साल की बच्ची की मौत हो गई। हादसा ढोटी स्थित बघेल पेट्रोल पंप के सामने करीब सुबह 5:45 बजे हुआ। घटना पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज के अनुसार टक्कर के बाद बच्ची सड़क पर गिरकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

मृत बच्ची की पहचान ढोटी निवासी आयुषी शाह (7) के रूप में हुई है। वह एक निजी स्कूल में कक्षा पहली की छात्रा थी। परिजन के अनुसार आयुषी सुबह अपनी बड़ी बहन और चचेरे भाइयों के साथ सड़क पर टहलने निकली थी। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजन ने घायल आयुषी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उसके सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन के अनुसार वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। करीब सुबह 8 बजे उसकी मौत की पुष्टि हुई।

प्रत्यक्षदर्शी बोले- टक्कर के बाद डिवाइडर से जा टकराई बच्ची

प्रत्यक्षदर्शी ओमप्रकाश शुक्ला ने बताया कि वह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने बच्ची को टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद वे अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और बच्ची को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। कुछ देर बाद उसके परिजन भी वहां पहुंच गए।

पेट्रोल पंप कर्मचारी नरेश सिंह के मुताबिक, वह सुबह पंप खोलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तेज आवाज सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो बच्ची डिवाइडर के पास घायल अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।

दो टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही

विंध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी कार और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने दो टीमें गठित की हैं। एक टीम छत्तीसगढ़ की ओर जाने वाले मार्गों के सीसीटीवी फुटेज देख रही है, जबकि दूसरी टीम घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार फरार चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।