जींद, 26 सितंबर । हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्णलाल मिड्ढा ने कहा कि नायब सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से जो संकल्प एवं वायदे किए थे, उनमें से लगभग अधिकतर कार्यो को पूरा किया जा चुका है। सरकार द्वारा जनहित में लागू की जा रही विभिन्न योजनाएं इसका प्रमाण हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा गत दिनों एक लाख 80 हजार तक की आय के परिवारों की पात्र महिलाओं के लिए लाडो लक्ष्मी योजना भी महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इस प्रकार की योजनाओं का उद्देश्य पात्र परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूत बनाना है।
विधानसभा उपाध्यक्ष डा. कृष्ण मिड्ढा शनिवार को अपने निवास पर जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। इस जनसुनवाई कार्यक्रम में लोगों ने डिप्टी स्पीकर के समक्ष अपनी समस्याएं रखी। जिनकी सुनवाई करते हुए उनके समाधान करवाने करने के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं को बिना पर्ची, बिना खर्ची और पूरी पारदर्शिता के साथ मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था को मजबूत किया है। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और योग्यता को प्राथमिकता मिलने से मेहनत करने वाले युवाओं को आगे बढऩे का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियां देश का नाम रोशन कर रही हैं और खेल के क्षेत्र में प्रदेश की पहचान को और मजबूत कर रही हैं।
खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रोत्साहन मिलने से प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों की मेहनत और सरकार की खेल नीति के परिणामस्वरूप हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निरंतर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। डा. मिड्ढा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी आगे बढऩे के पर्याप्त अवसर मिलें। इसके लिए खेल मैदानोंए प्रशिक्षण सुविधाओं तथा खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। डिप्टी स्पीकर डा. कृष्णलाल मिड्ढा ने एशियन खेलों में भारतीय कबड्डी टीम के स्वर्ण पदक लाने पर हथवाला गांव की बेटी पूजा समेत सभी खिलाडिय़ों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वे हरियाणा की बेटियों सहित पूरी भारतीय कबड्डी टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हैं।