प्रयागराज, 26 सितंबर । आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता महानगर की तीनों सीटों पर पार्टी का विजय ध्वज फहराने के लक्ष्य के साथ अभी से जुटना होगा। उक्त बातें शनिवार को सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए भाजपा प्रयागराज महानगर के नवनियुक्त जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी ने कहीं।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ समितियों से लगातार संपर्क बनाए रखें और जनता तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाएं। महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें अंगवस्त्र और माला पहनाकर अभिनंदन किया।
स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राकेश त्रिवेदी ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भारतीय जनता पार्टी ने संघर्ष और बलिदान किया है। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद राष्ट्रवादी विचारधारा वाले संगठन को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भारतीय सभ्यता-संस्कृति के लिए काम करने का अवसर मिला है। भाजपा कार्यकर्ता के लिए राष्ट्र प्रथम की भावना सर्वोपरि है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकसित भारत के संकल्प के साथ देश और प्रदेश को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं और बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार है।
राकेश त्रिवेदी ने कहा कि 2027 के चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बूथ समितियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने तथा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर रामभक्तों पर गोली चलवाने के आरोप रहे हैं, उन्हें राम जन्मभूमि के विषय में बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है।
कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री अजय सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन दीप द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी, पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, आनंद सोनकर, शशि वार्ष्णेय, राजेंद्र मिश्र, रमेश पासी, डॉ. शैलेश पांडेय, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, अनुज कुशवाहा, विजय श्रीवास्तव, कंचनलता कुशवाहा, वंदना सिंह, शिखा रस्तोगी, रीता सिंह, आभा सिंह, राजेश गोंड, नवाब खान, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, सुजीत कुशवाहा, प्रिया कैथवास, दुर्गेश नंदिनी, मोहित गुप्ता, आनंद दुबे, मनु चावला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।