वाराणसी,18 सितंबर । उत्तर प्रदेश में वाराणसी नगर निगम प्रशासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू रखने और शहर में जारी विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए आदमपुर और भेलूपुर जोन कार्यालयों को नए स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया है।
कज्जाकपुरा स्थित आदमपुर जोन कार्यालय परिसर में यूनिटी मॉल बन रहा है, वहीं भेलूपुर जोन कार्यालय को अत्याधुनिक सिटी फैसिलिटी सेंटर’ के रूप में विकसित करने के लिए नए भवन का निर्माण किया जाना है। निर्माण कार्य के दौरान नागरिकों के दैनिक कार्य और सुविधाएं प्रभावित न हों, इसे देखते हुए आदमपुर जोन कार्यालय को अब राजघाट स्थित काशी स्टेशन मार्ग वाले भवन में और भेलूपुर जोन कार्यालय को भेलूपुर स्थित जलकल विभाग परिसर में शिफ्ट किया गया है।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से जलकल विभाग के कार्यालय से संचालित हो रहे विज्ञापन विभाग को अब सीधे नगर निगम के मुख्यालय (सिगरा) में स्थानांतरित कर दिया गया है। उसी प्रकार पशु चिकित्सा विभाग जो लहुराबीर पर था, उसे भी नगर निगम मुख्यालय में स्थानांतरित किया गया है। अब इन दोनों विभागों से जुड़े सभी कार्य निगम मुख्यालय से ही पूरे होंगे।
नगर निगम प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्रीय नागरिक कार्यों और शिकायतों के निष्पादन के लिए अब इन्हीं नए निर्धारित पतों पर संपर्क कर सकते हैं।————-