कैलिफोर्निया में भारतीय मूल की महिला की हत्या, हत्यारे ने दी जान, निकला अवैध प्रवासी

वाशिंगटन, 13 सितंबर । अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया में एक रेस्टोरेंट के बाहर 38 वर्षीय भारतीय मूल की महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोपी भारत का ही एक 22 वर्षीय व्यक्ति है। संयुक्त राज्य अमेरिका के गृह सुरक्षा विभाग (यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी- डीएचएस) ने 11 सितंबर को विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।

संयुक्त राज्य अमेरिका के गृह सुरक्षा विभाग के अनुसार, हत्यारोपी भारतीय व्यक्ति है। वह अवैध प्रवासी है। बाइडेन प्रशासन ने उसे रिहा किया था।

डीएचएस के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध कई महीनों से महिला का पीछा कर रहा था। डीएचएस ने कहा कि स्थानीय खबरों के अनुसार, यह घटना 8 सितंबर को सैक्रामेंटो के एक शॉपिंग सेंटर में हुई।

बताया गया है कि भारतीय मूल की 38 वर्षीय महिला अपनी कार के पास थी। तभी अपराधी रोहित (भारत का एक अवैध प्रवासी) उसके पास पहुंचा। उसे देखते ही महिला ने भागने की कोशिश की। रोहित ने उसका पीछा किया और बंदूक से गोलियां दाग दीं। महिला जमीन में गिर गई। तब उसने पास से उसके सिर में फिर से गोली मारी और अपनी गाड़ी में भाग गया।

विज्ञप्ति में कहा गया कि जब पुलिस रोहित तक पहुंची, तो उसने अपनी गाड़ी के ब्रेक लगाए और बाद में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। रोहित महिला का काफी समय से पीछा कर रहा था। विज्ञप्ति के अनुसार रोहित अगस्त 2023 में एरिजोना के रास्ते अवैध रूप से संयुक्त राज्य अमेरिका में दाखिल हुआ था। उसे यूएस बॉर्डर पेट्रोलिंग टीम ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद बाइडेन प्रशासन ने रोहित को रिहा कर दिया।

डीएचएस के प्रवक्ता ने कहा, “भारत के इस अवैध प्रवासी ने कैलिफोर्निया में 38 वर्षीय महिला को परेशान किया। उसका पीछा किया और फिर उसकी हत्या कर दी और जब पुलिस उस तक पहुंची तो उसने अपनी जान ले ली। अगर बाइडेन प्रशासन ने इस हत्यारे को हमारे देश में न छोड़ा होता तो यह दुखद घटना पूरी तरह से टल सकती थी। नेताओं को ऐसी नीतियों को खत्म करना चाहिए जो अमेरिकी लोगों की जान के साथ खतरनाक जुआ खेलती हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़िता और उसके परिवार के साथ हैं।”