प्रो. दिव्या रानी सिंह बनीं अधिष्ठाता छात्र कल्याण

गोरखपुर,01 अक्टूबर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने गृह विज्ञान विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष और महिला अध्ययन केंद्र की निदेशक प्रो. दिव्या रानी सिंह को विश्वविद्यालय का अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर) नियुक्त किया है।

प्रो. दिव्या रानी सिंह को उच्च शिक्षा, शोध और अकादमिक प्रशासन के क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी की विजिटर नॉमिनी भी हैं। उन्होंने जी.बी. पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय तथा सोफिया कॉलेज, अजमेर से उच्च शिक्षा प्राप्त की है।

प्रो. सिंह के नाम 94 शोध-पत्र तथा 25 पुस्तकें एवं पुस्तक-अध्याय प्रकाशित हैं। उन्होंने 12 शोधार्थियों के पीएच.डी. शोध कार्य का निर्देशन किया है, जबकि 92 परास्नातक शोध-प्रबंधों के मार्गदर्शन में भी भूमिका निभाई है। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के 88 सम्मेलनों में शोध-पत्र प्रस्तुत किए हैं।

शैक्षणिक और शोध क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें डिस्टिंग्विश्ड साइंटिस्ट, यंग साइंटिस्ट और रिसर्च एक्सीलेंस अवॉर्ड सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। उनका अकादमिक कार्य महिला सशक्तीकरण, पोषण, स्वास्थ्य, किशोर विकास और सामुदायिक कल्याण जैसे विषयों से जुड़ा रहा है।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण के रूप में प्रो. सिंह छात्र हित, कल्याणकारी योजनाओं, छात्र गतिविधियों और विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक विकास से जुड़े कार्यों का समन्वय करेंगी। विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने उनकी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।