26 साल से फरार डकैती का आरोपी मध्यप्रदेश के झाबुआ से गिरफ्तार

अजमेर, 06 अक्टूबर । अजमेर की मांगलियावास थाना पुलिस ने डकैती के मामले में 26 साल से फरार चल रहे दल्ला उर्फ रमेश उर्फ दल्ला बारिया को मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी था।

पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के अनुसार वर्ष 2000 में राष्ट्रीय राजमार्ग-8 स्थित वैष्णो देवी पेट्रोल पंप पर डकैती के मामले में दल्ला सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पेट्रोल पंप से 1 लाख 64 हजार 513 रुपये लूटे थे। मामले में आरोपी लंबे समय से फरार था, जबकि उसके कई साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाश में टीम ने मध्यप्रदेश के विभिन्न गांवों में जानकारी जुटाई। पुलिसकर्मी कभी पोस्टमैन तो कभी मजदूर के रूप में भी वहां पहुंचे। आरोपी के झाबुआ जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिलने पर टीम ने स्थानीय पुलिस की तस्दीक के बाद दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थाना प्रभारी हरीश चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की। आरोपी से पूछताछ और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।