सूरजपुर, 25 अक्टूबर । सूरजपुर जिले के अवंतिकापुर स्थित पठारीटोला सरकारी स्कूल में सफाई कर्मी की भर्ती को लेकर कथित रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही पद के बदले पैसे के लेन-देन से जुड़ा एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। ऑडियो में स्कूल के प्राचार्य नोखेलाल जायसवाल की आवाज होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
वायरल ऑडियो को लेकर आरोप लगाया जा रहा है कि इसमें किसी व्यक्ति को सफाई कर्मी की नौकरी दिलाने के बदले 50 हजार रुपये ऊपर बैठे अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही जा रही है। ऑडियो सामने आने के बाद भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं।
मामले की शिकायत और कथित ऑडियो के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच की जिम्मेदारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को सौंपी थी। जांच रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी जांच पूरी नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को गंभीर बताते हुए आज रविवार को कहा कि कथित ऑडियो की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में रिश्वतखोरी के आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल ऑडियो में किए जा रहे दावों में कितनी सच्चाई है।
