जगदलपुर, 07 अक्टूबर । जिला मुख्यालय के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर एवं एनएसई फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित तथा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय दिव्यांग शिविर में बुधवार को उपस्थित दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुरूप कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में सुविधा प्रदान करने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने एवं समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सहयोग प्रदान करना है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित उक्त शिविर में मंगलवार को कुल 231 दिव्यांगजन सम्मिलित हुए, जिसमें कोंडागांव जिले से 167, नारायणपुर जिले से 15 और बस्तर जिले से 49 दिव्यांगजन उपस्थित रहे। इस दौरान दिव्यांगजनों को 13 ट्रायसाइकिल, एक व्हील चेयर, 20 बैसाखी, 91 श्रवण यंत्र, 10 कृत्रिम हाथ-पैर, तीन वाकर और 13 छड़ी प्रदान किया गया ।
इस अवसर पर दिव्यांगजनों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं एवं लोक सेवाओं की जानकारी प्रदान कर लाभान्वित होने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्राप्त किए दिव्यांगजनों ने उन्हें प्रदत्त कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण के ज़रिए दैनिक गतिविधियों तथा आवागमन में सहूलियत होने की उम्मीद जताई और इस सहायता के लिए स्वयंसेवी संस्था भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति और एनएसई फाउंडेशन सहित जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया ।
