जपला रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत

पलामू, 10 अक्टूबर । जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में जपला रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गम्हरिया गांव निवासी रणधीर कुमार (28) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जपला रेलवे स्टेशन के पास गर्ल्स स्कूल के सामने डाउन रेलवे ट्रैक पर पोल संख्या 365/6 के समीप हुआ। घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद भेज दिया।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आया। पुलिस मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।——–