फतेहाबाद : टोहाना के बैटरी स्टोर में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

फतेहाबाद, 18 अक्टूबर । जिले के शहर टोहाना में अमानी से खनौरा की तरफ जाने वाले रोड पर स्थित मलिक बैटरी स्टोर में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते इसने पूरे स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर रखे सामान के जलने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने के बाद से ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाडिय़ां तुरंत हरकत में आ गईं। शुरुआत में टोहाना, जाखल और धारसूल से दमकल विभाग की गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के काम में जुट गईं। हालांकि, आग की भीषणता को देखते हुए उस पर तुरंत काबू पाना मुश्किल साबित हो रहा था, जिसके चलते स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए फतेहाबाद और भूना से भी दमकल की अतिरिक्त गाडिय़ां बुलानी पड़ीं। जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मचारियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए ग्रामीण सुरजीत ने बताया कि वे गांव अमानी के बस स्टैंड पर मौजूद थे, तभी उन्हें दूर से भारी मात्रा में धुआं उठता हुआ दिखाई दिया। जब वे मौके पर पहुंचे तो वहां आग की भयंकर लपटें उठ रही थीं। फिलहाल आग लगने के असली कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।