बाराबंकी, 29 अक्टूबर । नेपाल के जनकपुर से उत्तराखंड के देहरादून तक निकाली जा रही राष्ट्रीय साइकिल यात्रा के बाराबंकी पहुंचने पर गुरुवार को भव्य स्वागत किया गया। यात्रा का नेतृत्व कर रहे प्रख्यात पर्यावरणविद् पद्मश्री एवं पद्म भूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के दो प्रमुख नियंत्रक पहाड़ और समुद्र हैं। इनके बदलाव का असर मौसम और मानसून पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। जल, जंगल और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। यात्रा का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
दादरा चौराहा, बजहा और प्रतापगंज में यात्रा दल का ढोल-नगाड़ों व पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार, योगाचार्य डॉ. शशि कुमार अवस्थी, रत्नेश कुमार, डॉ. राम समुझ वर्मा और यात्रा समन्वयक राम बाबू तिवारी सहित शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता व पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।
