फतेहाबाद, 14 अक्टूबर । गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से गुरु नानक डिफेंस एवं स्पोट्र्स अकादमी, रतिया में 15 से 17 अक्टूबर तक 10वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर एवं जूनियर गतका चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गतका एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के चेयरमैन स्वर्ण सिंह रतिया ने बुधवार काे बताया कि गतका एसोसिएशन ऑफ हरियाणा द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय महाकुंभ में देश के 21 से अधिक राज्यों से 1000 से अधिक गतका खिलाड़ी और ऑफिशियल अधिकारी भाग लेंगे।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए देश के विभिन्न कोनों से खिलाडिय़ों का रतिया पहुंचना शुरू हो गया है। खिलाड़ी हवाई जहाज, रेलगाडिय़ों और बसों के माध्यम से यहां पहुंच रहे हैं। सबसे पहले तेलंगाना राज्य की गतका टीम अकादमी में पहुंची, जिसके बाद केरल, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़ और गोवा सहित अन्य राज्यों के खिलाडिय़ों का भी आगमन हो रहा है। बाहर से आने वाले खिलाडिय़ों और अधिकारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रतिया शहर में 21 अलग-अलग स्थानों पर रात्रि ठहराव और भोजन के विशेष प्रबंध किए गए हैं।गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव बलजिंदर सिंह तूर ने गुरु नानक डिफेंस एवं स्पोट्र्स अकादमी पहुंचकर राष्ट्रीय चैंपियनशिप की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतियोगिता स्थल पर खेल मैदान, मंच और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आयोजन समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गतका एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के चेयरमैन स्वर्ण सिंह रतिया ने बताया कि इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य भारत की प्राचीन और पारंपरिक मार्शल आर्ट गतका को बढ़ावा देना, युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना तथा खिलाडिय़ों में अनुशासन व खेल की भावना को जागृत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से उभरती हुई प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने और एक-दूसरे के अनुभव से सीखने का बेहतरीन अवसर मिलता है। प्रतियोगिता के दौरान गतका एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के पदाधिकारियों, अकादमी के मैनेजिंग डायरेक्टर गुरजीत सिंह, हेड कोच सुमित कुमार, प्रिंसिपल जसबीर कौर और गगनदीप सिंह मल्ली द्वारा दूसरे राज्यों से आने वाले खिलाडिय़ों का पारंपरिक ढंग से स्वागत किया जा रहा है। 15 अक्टूबर से शुरू होने वाले इन मुकाबलों को लेकर खिलाडिय़ों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
