अर्नब से एक्टिव होगी पूर्वी हवाएं, पश्चिम विक्षोभ से 29 व 30 काे 24 शहरों में बारिश संभव

जयपुर, 28 अक्टूबर । बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से पूर्वी हवाएं एक्टिव होगी। इससे राजस्थान में पश्चिम विक्षोभ एक्टिव होगा। इसके असर से राजस्थान का आगामी तीन दिन मौसम बदला नजर आएगा। 29 व 30 को प्रदेश के 24 शहरों में आंधी-बारिश देखने को मिल सकती है। 31 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रह सकते है। प्रदेश में सर्दी का असर तेज होने लगा है। 23 शहरों का रात का पारा 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया तो 9 शहरों का रात का पारा 15 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, अलवर, अजमेर, भीलवाड़ा, वनस्थली, पिलानी, सीकर, कोटा, चित्तौडग़ढ़, डबोक, पाली, माउंटआबू, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, नागौर, डूंगरपुर, फतेहपुर, सिरोही , प्रतापगढ़ और झुंझुनूं का रात का पारा 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश में माउंट आबू से भी ठंडा डूंगरपुर रहा। सीकर, डूंगरपुर और फतेहपुर का रात का पारा 11 डिग्री से नीचे रहा। डूंगरपुर का न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 31.6 और न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना अति भीषण चक्रवाती तूफान अर्णब बुधवार सुबह के समय आंध्रप्रदेश व यनम तट से लैंडफॉल कर गया है। अब इसके आगामी 6 घंटों में धीरे-धीरे रिकवर होकर लगभग उत्तर दिशा की ओर आगे बढऩे तथा कमजोर होने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य में पूर्वी हवाएं सक्रिय होने तथा 29-30 अक्टूबर को एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में 29-30 अक्टूबर को बादल छाए रहने व कहीं-कहीं मेघगर्जन, तेज हवाएं 40-50 किमी प्रतिघंटा, हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान जयपुर व भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में मध्यम से तेज बारिश व कहीं-कहीं ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के पूर्वी भागों में भी 29-30 अक्टूबर को मेघगर्जन तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, सीमावर्ती क्षेत्र के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा। 31 अक्टूबर को भी पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है।