जांजगीर-चांपा में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 30 पाव देशी शराब के साथ आरोपित गिरफ्तार, भेजा गया जेल

जांजगीर-चांपा, 24 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में चांपा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 30 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत 5 हजार 400 रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेंडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान शंकर नगर चांपा निवासी मुकेश कुमार मिरी (30 वर्ष) के कब्जे से 30 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की गई। आरोपी शराब के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शनिवार को आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

चांपा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेंडे और आरक्षक गौरीशंकर राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।