कुमाऊं विवि के प्रो. साहू लगातार सातवीं बार विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल

नैनीताल, 08 अक्टूबर । कुमाऊं विश्वविद्यालय के रसायन विभाग के प्रो. नंद गोपाल साहू ने लगातार सातवें वर्ष वैश्विक स्तर पर शोध उत्कृष्टता दर्ज कर स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय की वर्ष ‘विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिक 2025’ सूची में स्थान बनाया है।

2025 की सूची में प्रो. साहू की पॉलीमर विज्ञान में एक वर्ष की रैंक 850 और नैनोसाइंस एवं नैनोटेक्नोलॉजी में 914 रही है। वहीं पूरे करियर की रैंकिंग में पॉलीमर विज्ञान में उनकी रैंक 1986 और नैनोसाइंस एवं नैनोटेक्नोलॉजी में 1854 रही है। एक वर्ष की रैंक वर्ष 2025 के शोध प्रभाव, जबकि पूरे करियर की रैंक उनके पूरे शोध जीवन के योगदान को दर्शाती है।

प्रो. साहू का शोध पॉलीमर एवं नैनो सामग्री, ऊर्जा भंडारण प्रणालियों, अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण अनुकूल रसायन प्रक्रियाओं और उन्नत सामग्रियों के विकास पर केंद्रित है। उन्होंने बैटरी, सुपरकैपेसिटर और अन्य ऊर्जा उपकरणों में उपयोगी उच्च प्रदर्शन वाले पॉलीमर एवं नैनो-संरचित पदार्थ विकसित किए हैं।

इस उपलब्धि पर कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल बिष्ट, कुलसचिव डॉ. रितेश साह के साथ विज्ञान संकाय के अध्यक्ष और रसायन विभाग के साथियों ने प्रो. साहू को बधाई दी है। विश्वविद्यालय ने उनकी लगातार सात वर्षों की वैश्विक मान्यता को गौरव का विषय बताते हुए उनके शोध योगदान की सराहना भी की है।