नई टिहरी, 18 अक्टूबर । कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सातवीं सांस्कृतिक संध्या में गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों और मशहूर डांसर दीक्षा बडोनी के नृत्य की धूम रही। नेगी दा के गीत “मुझको पहाड़ी मत बोलो जी, मैं देहरादून वाला हूँ।” और डांसर दीक्षा बडोनी के गीत ‘झुमकी’, ‘मेरी पहाड़न’, ‘नखर्याली” पर दर्शक झूम उठे।
शनिवार की सांस्कृतिक संध्या का मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, नगर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, कुंवर सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि मंत्री उनियाल ने लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी और मशहूर डांसर दीक्षा बडोनी को शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
मंत्री सुबोध उनियाल ने गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी का संस्मरण साझा करते हुए बताया कि करीब 40-45 वर्ष पूर्व, जब नरेंद्र सिंह नेगी सूचना विभाग टिहरी में कार्यरत थे, तब उनके गानों और इस कलात्मक सफर की शुरुआत इसी नरेंद्रनगर और कुंजापुरी मेलों के मंच से ही हुई थी। उन्होंंने मेले के विकास और भव्यता के लिए मंच से दानराशि की जानकारी देते हुए बताया कि मेले के सफल आयोजन के लिए समाजसेवी दिनेश चमोली ने 21 लाख, वेस्टर्न होटल ग्रुप ने 20 लाख और ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान ने 10 लाख की दान राशि दी गई है। सहयोग के लिए उन्होंने सभी का आभार जताया।
इसके बाद नरेंद्र सिंह नेगी ने मां कुंजापुरी की स्तुति के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की। नेगी दा और उनके बेटे कविलाश नेगी के मंच पर पहुंचे ही पांडाल तालियों से बज उठा। पिता और बेटे ने “मुझको पहाड़ी न बोलो जी, मैं देहरादून वाला हूँ। गीत गाकर समा बाध दिया। नेगी दा ने ‘तेरो मछोई’, ‘नारंगी की दाणी हो’, ‘नौछमी नरैणा’ और ‘क्या दिन क्या रात’ जैसे सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियां दीं।
