जनता की समस्याओं को लेकर मंडल स्तर पर प्रदर्शन करेगी भाजपा: श्रीकांत शर्मा

शिमला, 26 अक्टूबर । भाजपा हिमाचल प्रदेश के प्रभारी एवं विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि पार्टी कांग्रेस सरकार की कथित विफलताओं और जनता की समस्याओं को लेकर मंडल एवं जिला स्तर पर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।

कुल्लू में आयोजित भाजपा जिला संगठन की बैठक में श्रीकांत शर्मा ने संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ समितियों के सत्यापन और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए पदाधिकारियों को बूथ अध्यक्षों, समिति सदस्यों और पुराने कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संपर्क बनाए रखना चाहिए।

उन्होंने बताया कि कुल्लू जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में 575 बूथ और 165 ग्राम केंद्र हैं। जिले के 12 मंडलों में विस्तारक पहुंच चुके हैं। बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत विस्तारक प्रत्येक बूथ पर एक दिन बिताकर घर-घर संपर्क करेंगे और बूथ समितियों व मोर्चों के सदस्यों की सक्रियता का सत्यापन करेंगे। इस कार्य को 15 से 20 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

शर्मा ने जिला पदाधिकारियों को अभियान की दैनिक समीक्षा करने तथा सक्रिय और निष्क्रिय बूथ समितियों की अलग-अलग सूची तैयार करने के निर्देश दिए।

प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और बेरोजगारी से जुड़े मुद्दों पर जनता परेशान है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर चुनावी गारंटियां पूरी नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं को 1,500 रुपये देने की गारंटी, बंद योजनाओं, पंचायतों के विकास कार्यों और ग्रामीण समस्याओं को लेकर भाजपा प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने चिट्टे के बढ़ते कारोबार और कानून-व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई तथा कार्यकर्ताओं से जनजागरण अभियान चलाने की अपील की। साथ ही केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

बैठक में जिला अध्यक्ष अमित सूद, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक लोपेंद्र, वरिष्ठ नेता अजय राणा सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।