मंडी, 04 अक्टूबर । मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में सोसायटी फॉर हिमाचल आर्ट एंड कल्चर द्वारा प्रस्तुत शाख मंडी उत्सव एवं कुल्लू मनाली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। फिल्म फेस्टिवल के दूसरे दिन प्रदर्शित लघु फिल्म ट्रैपिडो में खौफ और रहस्य का सामंजस्य देखने को मिला । फिल्म के शुरुआती दृश्य में ट्रेन के खाली कंपार्टमेंट में सफर कर रही एक लडकी मोबाइल पर दिल्ली में चलती गाड़ी में लड़की से गैंग रेप की खबर देखती है। यह खबर देखते ही लड़की बेहद घबरा जाती है और उसके घर पहुंचने तक का सफर उसके लिए कितना खौफनाक बन जाता है फिल्म में दिखाया गया है। ट्रेन देर रात स्टेशन पर रुकती है जहां सन्नाटा पसरा है लड़की वहां से ट्रैपिडो दुपहिया बुक करती है जहां उसे एक स्कूटर सवार लड़का रिसीव करने पहुंचता है । घबराई लड़की को वह संदिग्ध लगता है फिर भी वह उसके स्कूटर पर घर की ओर चल पड़ती है कुछ दूर सड़क पर एक बाइकर मृत पड़ा हुआ मिलता है जिसे देखकर लड़का स्कूटर रोक देता है जहां लड़की का भ्रम टूटता है और स्कूटर सवार की असलियत जानते ही उस पर जोर का प्रहार करती है। तब तक पुलिस भी वहां पहुंच जाती है और जांच में जुट जाती है। रहस्य खुलता है असली ट्रैपिडो बाइकर का कातिल वही स्कूटर सवार है।
