एशियाई पैरा खेल : जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने खिलाड़ियों का किया स्वागत

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर । जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने एशियाई पैरा खेल-2026 के उद्घाटन समारोह के अवसर पर पूरे एशिया से पहुंचे खिलाड़ियों और अधिकारियों का औपचारिक रूप से स्वागत किया। सात दिनों तक चलने वाले इन खेलों का आयोजन 18 से 24 अक्टूबर तक होगा, जिसमें 18 खेलों की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।

ताकाइची ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में कहा कि जापान पहली बार एशियाई पैरा खेलों की मेजबानी कर रहा है। हर चार साल में आयोजित होने वाला यह आयोजन एशिया में पैरा खेलों का सबसे बड़ा उत्सव है। उन्होंने इन खेलों की तैयारियों में जुटे सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया और एशिया के विभिन्न देशों एवं क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों का स्वागत किया।

ताकाइची ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “खिलाड़ियों से मुझे उम्मीद है कि वे एक-दूसरे का सम्मान और सहयोग करते हुए अपनी सीमाओं को चुनौती देंगे और एशिया के इस प्रमुख मंच पर अपनी पूरी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। चुनौतियों का लगातार सामना करने और अंतिम क्षण तक प्रयास करते रहने का उनका दृढ़ संकल्प समाज तक पैरा खेलों की खूबियों और संभावनाओं को व्यापक रूप से पहुंचाने का माध्यम बनेगा।”

जापानी प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के परिवारों और उनका समर्थन करने वाले अनेक लोगों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि 24 अक्टूबर तक अगले सात दिनों में एशिया के शीर्ष पैरा खिलाड़ी 18 खेलों में रोमांचक मुकाबलों में हिस्सा लेंगे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों की सफलता की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि यह आयोजन लोगों को साहस और प्रेरणा देने वाला यादगार अवसर साबित होगा।

इस बार के एशियाई पैरा खेलों में इतिहास में पहली बार सभी 45 देशों की भागीदारी हो रही है। इसे एशिया में पैरा खेल आंदोलन के बढ़ते समावेश, एकजुटता और विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।