लंदन, 13 अक्टूबर । चेल्सी के फॉरवर्ड जोआओ पेड्रो ने अपने साथी खिलाड़ी कोल पामर की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें संपूर्ण खिलाड़ी बताया है। पेड्रो ने कहा कि पामर गोल करने, पास देने और फ्री-किक से गोल दागने सहित मैदान पर हर काम करने में सक्षम हैं। उन्होंने चेल्सी के मुख्य कोच ज़ाबी अलोंसो की जीतने की मानसिकता और टीम के आक्रामक खेल की भी सराहना की।
जियोस्टार को दिए एक साक्षात्कार में पेड्रो ने कहा, “कोल पामर एक शानदार खिलाड़ी हैं। वह गोल कर सकते हैं, पास दे सकते हैं और फ्री-किक से भी गोल कर सकते हैं। वह सब कुछ कर सकते हैं। वह एक संपूर्ण खिलाड़ी हैं और यही बात उन्हें खास बनाती है। फुलहम और ब्राइटन एंड होव एल्बियन के खिलाफ हमारे मुकाबलों में उन्होंने शानदार गोल किए। मुझे नहीं पता कि उन्होंने ऐसा कैसे किया, लेकिन यह कोल पामर की खासियत है। इसी वजह से हर कोई उन्हें विशेष खिलाड़ी कहता है।”
प्रीमियर लीग में 17 अक्टूबर को एवर्टन और चेल्सी के बीच मुकाबला होना है। अंक तालिका में पांचवें स्थान पर काबिज एवर्टन और छठे स्थान पर मौजूद चेल्सी की नजर अपनी स्थिति मजबूत करने पर होगी। चेल्सी के लिए पेड्रो अहम भूमिका निभा रहे हैं और वह पांच गोल के साथ टीम के शीर्ष स्कोररों में शामिल हैं।
पेड्रो ने चेल्सी के मुख्य कोच ज़ाबी अलोंसो के काम करने के तरीके की तारीफ करते हुए कहा कि वह खिलाड़ियों के साथ खुलकर बातचीत करते हैं और उनकी मानसिकता को समझते हैं। उन्होंने कहा, “हमारे कोच ज़ाबी अलोंसो हमारे साथ बहुत खुलकर बातचीत करते हैं, क्योंकि वह खुद फुटबॉल खेल चुके हैं और हमारी मानसिकता को समझते हैं। उनके साथ हमारी पहली बैठक में ही महसूस हुआ कि वह खेल को लेकर बेहद जुनूनी हैं। वह हर संभव मैच जीतना चाहते हैं। यह हमारे लिए बहुत अच्छा है, क्योंकि हम भी उसी सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं।”
चेल्सी की आक्रामक तिकड़ी में अपनी भूमिका के बारे में पेड्रो ने कहा कि वह पामर और मॉर्गन रोजर्स की खूबियों के अनुसार खेलते हैं। उन्होंने बताया कि पामर को गेंद उनके पैरों पर देना और रोजर्स को खाली जगह में पास देना उनकी रणनीति का हिस्सा है।
पेड्रो ने कहा, “आगे की पंक्ति में मेरी भूमिका काफी सरल है। जब भी मैं पामर को देखता हूं, कोशिश करता हूं कि गेंद उनके पैरों तक पहुंचे। वह हमेशा गेंद को गोलकीपर के पार पहुंचाने का रास्ता निकाल लेते हैं। मॉर्गन रोजर्स के लिए मैं गेंद खाली जगह में डालने की कोशिश करता हूं, ताकि उन्हें एक के मुकाबले एक की स्थिति मिले। डिफेंडर को छकाने के बाद वह मुझे पास देते हैं और मेरा काम दौड़ लगाकर सही जगह पहुंचना होता है। अगर मैं ऐसा करता हूं, तो वे मुझे गेंद दे देंगे और फिर गेंद को गोल में पहुंचाना मेरी जिम्मेदारी होती है।”
उन्होंने कहा कि चेल्सी की गोल करने की क्षमता किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं है। पामर, रोजर्स और वह खुद गोल में योगदान देते हैं, जबकि मिडफील्डर और डिफेंडर भी सेट-पीस के जरिए गोल करते हैं।
पेड्रो ने कहा, “टीम का हर खिलाड़ी गोल करना चाहता है। ज़ाबी हमेशा कहते हैं कि चाहे कुछ भी हो, आपको ध्यान केंद्रित रखना है और खेल से जुड़े रहना है, तब आप गोल करेंगे। यही वजह है कि हमने इस सत्र की शुरुआत से ही कई गोल किए हैं। हमारी आक्रामक तिकड़ी कई मौके बना सकती है और जितने ज्यादा मौके बनेंगे, उतने ही ज्यादा गोल करने की संभावना होगी। हमारे लिए यह किसी एक खिलाड़ी की बात नहीं है। गोल का खतरा किसी भी तरफ से आ सकता है और इससे विरोधी टीम के लिए हमारा बचाव करना मुश्किल हो जाता है। जब तक हम मौके बनाते रहेंगे, मुझे भरोसा है कि गोल भी होते रहेंगे।”
पेड्रो ने चेल्सी के मिडफील्डर मोइसेस कैइसेडो को भी टीम के लिए बेहद अहम बताया। उनके अनुसार, कैइसेडो मिडफील्ड में काफी क्षेत्र कवर करते हैं और बार-बार गेंद अपने कब्जे में लेकर टीम को आक्रमण का मौका देते हैं।
पेड्रो ने कहा, “मेरे लिए मोइसेस अपनी स्थिति में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं। वह एक मशीन की तरह हैं। वह मिडफील्ड में बहुत ज्यादा क्षेत्र कवर करते हैं और कई बार गेंद वापस जीतकर हमें देते हैं। इससे हम बाकी खिलाड़ियों को आगे बढ़कर आक्रमण करने की आजादी मिलती है। जब वह मैदान पर होते हैं, तो टीम के रूप में हम अधिक सुरक्षित महसूस करते हैं, क्योंकि हमें पता होता है कि वह रक्षापंक्ति के चार खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए मौजूद हैं। इसी वजह से वह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।”
