कार से रेकी कर चोरी और छिनैती करने वाले दो गिरफ्तार

कानपुर, 06 अक्टूबर । नर्वल पुलिस ने चोरी और छिनैती की कई वारदातों में शामिल गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपित आई-20 कार से गांवों में घूमकर रेकी करते और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से महिला के कान से नोंचा गया कुंडल, चोरी का मोबाइल और 3040 रुपये बरामद किए हैं।

एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार ने बताया कि 17 सितंबर की रात बारादरी गांव में रुपरानी घर के बरामदे में सो रही थीं। देर रात बदमाशों ने उनके बाएं कान से कुंडल नोंच लिया। इसके बाद आरोपितों ने गांव में ही लीलावती के घर में घुसकर चार्जिंग पर लगा मोबाइल चोरी कर लिया। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।

जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य आई-20 कार से गांवों में पहुंचकर पहले रेकी करते थे। 22 जून को उन्होंने पारा गांव में राजेंद्र प्रसाद के घर के बाहर से छह बकरियां कार में लादकर चोरी की थीं। पूछताछ में शातिरों ने बताया कि चोरी की बकरियां बेचने से मिली रकम आपस में बांट लेते और खाने-पीने व मौज-मस्ती में खर्च करते थे।

पांच अक्टूबर की रात करविगवां फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर नौशाद उर्फ अयूब निवासी मलवां, फतेहपुर और अजय सिंह उर्फ शुभम निवासी गदियाना, चकेरी को गिरफ्तार किया। गिरोह का तीसरा सदस्य धीरज सोनकर चार अक्टूबर को फतेहपुर कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल आई-20 कार बरामद हुई थी।

पुलिस के मुताबिक नौशाद के खिलाफ कानपुर और फतेहपुर के अलग-अलग थानों में चोरी, छिनैती और आर्म्स एक्ट समेत सात मुकदमे दर्ज हैं। अजय के खिलाफ भी दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।