सिरसा, 06 अक्टूबर । जिले के उपमंडल डबवाली क्षेत्र में मंगलवार को अनियंत्रित पिकअप गाड़ी सडक़ किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डबवाली के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। मृतक व्यक्तियों की पहचान पंजाब के मोगा निवासी गुरविंद्र सिंह व संदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गांव जोगेवाला के समीप यह हादसा हुआ। पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से टकरा गई। पिकअप में सवार दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, डबवाली के मलोट रोड पर बेसहारा पशु के आगे आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है।
