देहरादून, 25 अक्टूबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ में युवाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां संस्करण सुना। इस अवसर पर उन्होंने युवा पीढ़ी को देश का भविष्य और विकसित भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला बताते हुए नवाचार, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को ‘इन-जी’ यानी ‘इंडियन जेनरेशन’ बताते हुए कहा कि युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा, रचनात्मकता और नए विचारों के माध्यम से देश को प्रगति के नए आयामों तक ले जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशभर में प्रेरणादायी कार्यों, स्थानीय प्रतिभाओं और नवाचारों को सामने लाने के साथ युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
धामी ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। इसके लिए जरूरी है कि युवा अपनी प्रतिभा और कौशल का उपयोग समाज तथा राष्ट्र के हित में करें। उन्होंने जनभागीदारी को विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए युवाओं से देश की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और स्थानीय उत्पादों के संरक्षण एवं संवर्धन में योगदान देने की अपील की।
इस बीच, हरिद्वार के सांसद और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी रविवार को यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संवाद देश की संस्कृति, प्रतिभा, परंपराओं, स्थानीय कारीगरों और स्वदेशी उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आगामी त्योहारों के अवसर पर स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, बुनकरों, महिला स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों के उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की खरीदारी से अर्थव्यवस्था मजबूत होती है और रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं। खादी को स्वदेशी गौरव, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प तभी साकार होगा, जब स्थानीय उत्पादों को देशभर में प्रोत्साहन मिलने के साथ वैश्विक पहचान भी मिलेगी। प्रत्येक नागरिक का स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का प्रयास आत्मनिर्भर भारत को मजबूती प्रदान कर सकता है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को देहरादून के मसूरी विधानसभा क्षेत्र के भंडारगांव स्थित बूथ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के भंडारगांव स्थित बूथ संख्या 19 पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 139वां संस्करण सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री ने टिहरी में हेंवल नदी को पुनर्जीवित करने के प्रयासों की सराहना की और जल संरक्षण, स्वच्छता, प्राकृतिक खेती तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे विषयों पर प्रकाश डाला।
गणेश जोशी ने कहा कि ‘मन की बात’ जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से कार्यक्रम के संदेशों को अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, महानगर उपाध्यक्ष संध्या थापा, पूर्व प्रधान सुंदर सिंह कोठाल और युवा मोर्चा अध्यक्ष मोहित खरोला सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
