बिधूना में बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार

औरैया, 25 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना थाना क्षेत्र स्थित बंथरा गांव में 62 वर्षीय भूरी देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने रविवार काे खुलासा किया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए थाना बिधूना, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपिताें के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के आभूषण और 9,400 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

पूलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने बेला-बिधूना रोड से तीन आरोपिताें को गिरफ्तार करते हुए एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में ले लिया। आरोपिताें की पहचान दानवीर सिंह उर्फ गोलू धाकरे निवासी नगला अणू, थाना बरहन, जिला आगरा, रेनू सेंगर निवासी बंथरा, थाना बिधूना, और रजित सिंह निवासी गोहानी, थाना चकरनगर, जिला इटावा के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपित दानवीर सिंह उर्फ गोलू ने बताया कि दशहरा से पहले रेनू सेंगर और रजित सिंह के साथ कॉन्फ्रेंस कॉल पर बातचीत हुई थी। रेनू ने भूरी देवी के घर में नकदी और आभूषण होने की जानकारी देकर चोरी की योजना बनाई थी। 23 अक्टूबर की रात गोलू और एक बाल अपचारी दीवार फांदकर घर में घुसे और नकदी व आभूषण चोरी कर लिए। इसी दौरान भूरी देवी जाग गईं और शोर मचाने लगीं। आरोप है कि पकड़े जाने के डर से दोनों ने तौलिये से उनका गला दबा दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद संदेह से बचने के लिए आरोपित अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए। बाद में चोरी के सामान का बंटवारा करने के लिए एकत्र हुए थे, तभी पुलिस ने तीनाें काे पकड़ लिया।

उल्लेखनीय है कि 23 अक्टूबर को यूपी डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि बंथरा गांव निवासी भूरी देवी पत्नी अनंगपाल की घर में मृत्यु हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतका गांव में अकेली रहती थीं, जबकि उनके पति और दोनों बेटे हरियाणा के फरीदाबाद में रहकर निजी नौकरी करते हैं। परिवार ने लूट के बाद हत्या की आशंका जताई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।