प्रथम वरीयता का मतदान सुनिश्चित कराने के लिए घर-घर संपर्क करें कार्यकर्ता : अनिल सिंह

प्रयागराज, 02 अक्टूबर । स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता से व्यक्तिगत संपर्क कर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रथम वरीयता का मतदान सुनिश्चित कराने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी गंभीरता से जुटना होगा।

ये बातें शुक्रवार को भाजपा के जिला प्रभारी अनिल सिंह ने कही। वे भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) प्रयागराज यमुनापार जिला की इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन की जिला योजना बैठक शुक्रवार को प्रयाग इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, बेदौ करछना में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के साथ निरंतर संपर्क और संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। आगे कहा कि पार्टी ने अशोक राठौर को प्रत्याशी बनाया है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता शिक्षित और जागरूक नागरिक हैं। इसके बावजूद प्रत्येक मतदाता तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में प्रथम वरीयता का मतदान सुनिश्चित कराने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव को लेकर पूरी सक्रियता के साथ जुटने और मतदाताओं से निरंतर संवाद बनाए रखने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विरोधियों की ओर से फैलाए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार के कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने की। जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक में करछना विधायक पियूष रंजन निषाद, कोरांव विधायक राजमणि कोल, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवदत्त पटेल और विनोद प्रजापति ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक में पोलिंग से लेकर जिला एवं मंडल स्तर के संयोजक और सह-संयोजक, विधायक, ब्लॉक प्रमुख, चेयरमैन, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष तथा स्नातक निर्वाचन से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन जिला संयोजक राकेश पाण्डेय ने किया। आभार पूर्व जिलाध्यक्ष शिवदत्त पटेल ने व्यक्त किया।